सागर रोड पर भूसे से भरी अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी,सड़क पर डीजल फैलने से मची अफरा-तफरी

छतरपुर। शहर के सागर रोड पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा होते-होते बचा। पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी के निवास के पास, अग्रवाल पेट्रोल पंप और मल्टी सिटी हॉस्पिटल के बीच भूसे से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर की ट्रॉली में करीब 10 से 12 फीट की ऊंचाई तक भूसा भरा हुआ था। अत्यधिक भार (ओवरलोड) और तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर का डीजल और ट्रॉली में भरा भूसा पूरी सड़क पर फैल गया। सबसे बड़ा खतरा पेट्रोल पंप और अस्पताल की नजदीकी को लेकर था; यदि डीजल और सूखे भूसे में मामूली सी चिंगारी भी सुलग जाती, तो एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी।

घटना के बाद स्थानीय नागरिक और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। लोगों ने अपने स्तर पर सड़क से भूसा हटाने का काम शुरू किया ताकि आवागमन सुचारू हो सके। देर रात तक लोग मौके पर डटे रहे। इधर, स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सागर रोड पर ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों का जमावड़ा रहता है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। नागरिकों ने शहर के मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की गति सीमा तय करने और ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Next Post

खेत में मवेशी घुसने पर चली कुल्हाड़ी

Tue Mar 17 , 2026
इंदौर. चन्द्रवती गंज थाना इलाके में मारपीट और हमले की एक घटना सामने आई है। फरियादी केशव पिता रघुवीर वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके खेत में मवेशी घुसने की बात को लेकर पड़ोसी सुरेश पिता कन्हैया लाल वर्मा से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि सुरेश […]

You May Like