हरपालपुर में दिनदहाड़े सराफा दुकान से चोरी, सोना-चांदी व नकदी से भरा बैग ले उड़े बदमाश

छतरपुर। जिले के हरपालपुर नगर के सबसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी की दुकान से सोने-चांदी के आभूषणों और नकदी से भरा बैग चुरा लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार हरिहर रोड निवासी सराफा व्यापारी रामबाबू सोनी अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दुकान में कुछ मरम्मत कार्य चल रहा था। सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच जब मिस्त्री ने उन्हें किसी काम से बाहर बुलाया, तभी बदमाशों ने मौके का फायदा उठाकर दुकान के अंदर रखा बैग उठा लिया। बैग में करीब 200 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी और लगभग डेढ़ लाख रुपये नगद रखे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही हरपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है, जिसमें आरोपी पूरी योजना के साथ चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

दिनदहाड़े हुई इस चोरी से नगर के व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

Next Post

एनएच के खस्ताहाल और प्रदूषण को लेकर गोरबी–बरगवां मार्ग पर महिलाओं ने लगाया जाम

Wed Dec 24 , 2025
सिंगरौली। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की बदहाल स्थिति और उड़ती धूल–मिट्टी से हो रहे प्रदूषण को लेकर बुधवार को गोरबी–बरगवां मार्ग पर महिलाएँ सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन कर रही हैं। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटों से बाधित है। […]

You May Like