
ब्यावरा। स्थानीय शासकीय कॉलेज के खेल मैदान पर रविवार को सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ. सांसद रोडमल नागर एवं राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार द्वारा खिलाडिय़ों के साथ कबड्डी खेलते हुए इस खेल महोत्सव का शुभारंभ किया.
खिलाडिय़ों, छात्र-छात्राओं और खेल प्रेमियों की मौजूदगी में उत्साह भरे वातावरण में खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ. राज्यमंत्री श्री पंवार ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है. यह केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है बल्कि मानसिक और शारीरिक विकास का सर्वोत्तम साधन भी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में खेलों को नई पहचान और बढ़ावा मिला है. ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी योजनाओं ने युवाओं में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है.
खेल से टीम भावना मजबूत होती
सांसद श्री नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ाने और खेलों के प्रति रुचि जगाने का एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है. खेल न केवल शारीरिक रूप से हमें स्वस्थ रखते हैं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते है.
इस महोत्सव के तहत एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीवाल, कुश्ती, बैडमिंटन सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. जिनमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी भाग लेंगे. इसके लिए रजिस्ट्रेशन की तिथि 2 अक्टूबर तक बढ़ा दी गईहै.
इस अवसर पर अमित शर्मा, जसवंत गुर्जर, राम भील, के.पी. पंवार, जिला शिक्षा अधिकारी करण सिंह भिलाला, जिला खेल अधिकारी श्रीमति शर्मिला डाबर सहित नागरिक, खिलाड़ी उपस्थित रहे.
