‘मैं वापस आऊंगा’ की टीम को अंजना सुखानी का भावुक संदेश, इम्तियाज़ अली का जताया आभार

मुंबई, 13 जून (वार्ता) निर्देशक इम्तियाज़ अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा के सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद अभिनेत्री अंजना सुखानी ने फिल्म के सेट से कुछ अनदेखी तस्वीरें साझा करते हुए पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।अंजना ने अपने सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में कहा कि यह फिल्म प्यार, तड़प और कविता की एक खूबसूरत गाथा है, जिसे इम्तियाज़ अली ने रचा और जीवंत किया। उन्होंने लिखा कि इम्तियाज़ के निर्देशन में काम करना उनके जीवन के सबसे संतोषजनक अनुभवों में से एक रहा और उन्हें इस यात्रा का हिस्सा बनाने के लिए उन्होंने निर्देशक का धन्यवाद किया। अंजना ने कास्टिंग निर्देशक मुकेश छाबड़ा का भी विशेष आभार जताया और कहा कि उन्हीं की वजह से उन्हें इस फिल्म से जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने फिल्म के निर्माताओं और सह-कलाकारों को भी धन्यवाद दिया।

अंजना ने युवा कलाकार वेदांग रैना और शरवरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि दोनों कलाकारों के अभिनय में गहराई, गर्मजोशी और सच्चाई है तथा उनका भविष्य उज्ज्वल है। दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी कला से वह अभिभूत हैं और उन्हें अभिनय करते देखना किसी भी कलाकार के लिए सीखने का अवसर है। अंजना ने अभिनेता दिलजीत दोसांझ की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी आंखों में सच्चाई और ईमानदारी झलकती है, जो हर भावना को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करती है। उनके साथ पर्दा साझा करना उनके लिए सम्मान की बात रही।उन्होंने फिल्म से जुड़े राजत सर और जयप्रीत सिंह के प्रति भी अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। साथ ही संगीतकार ए. आर. रहमान और गीतकार इरशाद कामिल का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके संगीत और गीतों ने फिल्म की भावनात्मक दुनिया को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
फिल्म में नसीरुद्दीन शाह की छोटी बहू के किरदार में अंजना सुखानी के अभिनय, विशेषकर उनकी हास्य प्रस्तुति की दर्शक और समीक्षक सराहना कर रहे हैं। सकारात्मक प्रतिक्रियाओं और मजबूत जनचर्चा के बीच मैं वापस आऊंगा दर्शकों के दिलों को छूने में सफल होती दिखाई दे रही है।

.....

Next Post

पेपर लीक कैसे हुआ, माफिया को संरक्षण किसने दिया? पटवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मांगा जवाब

Sat Jun 13 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के भोपाल दौरे के दौरान नीट परीक्षा विवाद को लेकर आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा घोटाले पर जवाबदेही तय करने से बच रही है और लोकतांत्रिक विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। […]

You May Like