आईपीएल में क्रिकेटर मंगेश यादव को मौका नहीं मिलने से प्रशंसकों में मायूसी

​ सौसर: क्रिकेट जगत का सबसे लोकप्रिय और रोमांचक टूर्नामेंट ‘इंडियन प्रीमियर लीग’ (IPL) का यह सीजन अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहा है। जहां एक ओर देश-दुनिया के क्रिकेट प्रेमी हर मैच के साथ रोमांच के चरम पर हैं, वहीं दूसरी ओर पांढुरना और छिंदवाड़ा जिले के क्रिकेट प्रेमियों और खेल प्रशंसकों में एक गहरी मायूसी भी देखी जा रही है।
​क्षेत्र के खेल प्रेमियों की इस निराशा की मुख्य वजह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम में शामिल बोरगांव रेमंड के युवा और होनहार तेज गेंदबाज मंगेश यादव को इस पूरे सीजन में अब तक एक भी मैच खेलने का मौका न मिलना है।
मोटे दाम पर आरसीबी ने किया था शामिल
​गौरतलब है कि मंगेश यादव ने घरेलू क्रिकेट और स्थानीय स्तर पर अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर हर किसी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। इसी बेहतरीन फॉर्म को देखते हुए आईपीएल की बड़ी फ्रेंचाइजी आरसीबी (RCB) ने ऑक्शन के दौरान मोटी रकम देकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था। मंगेश के चयन के बाद पूरे पांढुरना और छिंदवाड़ा जिले सहित समूचे क्षेत्र में जश्न का माहौल था और लोगों को उम्मीद थी कि इस बार क्षेत्र का यह लाल अंतरराष्ट्रीय स्तर के सितारों के साथ मैदान पर अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरेगा।
​हजारों प्रशंसकों को था मैदान पर उतरने का इंतजार
​जैसे-जैसे आईपीएल का सीजन आगे बढ़ता गया, बोरगांव रेमंड सहित पूरे जिले के हजारों प्रशंसकों की निगाहें टीवी और मोबाइल स्क्रीन पर टिकी रहीं कि कब मंगेश यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा। हालांकि, टीम संयोजन और रणनीतिक समीकरणों के चलते सीजन के अंतिम दौर में पहुंचने के बाद भी उन्हें डेब्यू करने का अवसर नहीं मिल सका।
​आरसीबी की ओर से मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिलने से मंगेश यादव के हजारों फैंस के साथ-साथ स्थानीय खेल प्रेमियों को बड़ा झटका लगा है। बहरहाल, खेल विशेषज्ञों और प्रशंसकों का मानना है कि भले ही इस सीजन में मंगेश को मैदान पर दिखाने का मौका न मिला हो, लेकिन आरसीबी जैसे बड़े कैंप में दिग्गज खिलाड़ियों के साथ रहकर उन्हें जो अनुभव मिला है, वह उनके भविष्य के लिए बेहद कारगर साबित होगा। क्षेत्र की जनता को अब भी उम्मीद है कि आने वाले समय में मंगेश मैदान पर उतरकर अपने प्रदर्शन से जिले का नाम देशभर में रोशन करेंगे।

Next Post

के. जना कृष्णमूर्ति और करतार सिंह सराभा को सीएम डॉ यादव ने किया नमन

Sun May 24 , 2026
भोपाल:मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री के जना कृष्णमूर्ति की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन को सशक्त बनाकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विचार और कार्यशैली आज भी […]

You May Like

Play sound