सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप हाईवे स्थित झागरिया जोड़ पर बुधवार देर रात करीब 11.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 3744 ने गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली क्र. एमपी 37 जेड 9024 को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई, जिससे उसमें सवार ग्रामीण घायल हो गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम मोगराराम के कृषक गेहूं लेकर मंडी विक्रय के लिए जा रहे थे. बताया जाता है कि जैसे ही वह झागरिया जोड़ के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद ट्रॉली में भरा गेहूं सड़क पर बिखर गया और ट्रैक्टर पर बैठे दो ग्रामीण उसके नीचे दब गए जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
इस घटना में ट्रैक्टर चालक 30 वर्षीय अर्जुन पिता सजन सिंह एवं 25 वर्षीय धीरज पिता सुंदरलाल निवासी ग्राम मोगराराम, घायल हो गए. हादसे के बाद मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस एवं एफआरवी वाहन तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया, क्योंकि हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर आवागमन प्रभावित हो गया था. इसके साथ ही ट्रक को जब्त कर थाना लाया गया. हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है.
पचामा मार्ग पर फोर्स और स्विफ्ट के बीच भिड़ंत
जिला मुख्यालय के समीप पचामा मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. राजपूत ढाबे के पास फोर्स गाड़ी और स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि स्विफ्ट कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के पीछे सड़क निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही प्रमुख कारण है. सड़क का एक हिस्सा अधूरा पड़ा है, जिससे एक साइड काफी नीचा हो गया है और वहां गिट्टियां फैली हुई हैं. इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खराब और असमतल सड़क के कारण चालक नीची साइड से बचते हुए पक्की और ऊंची लेन पर वाहन चलाने को मजबूर हैं। नतीजतन, दोनों दिशाओं के वाहन एक ही लेन में आ जाते हैं, जिससे आमने-सामने टक्कर की स्थिति बन जाती है. हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल चालक को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया और फिर अस्पताल पहुंचाया.
