एनएच के खस्ताहाल और प्रदूषण को लेकर गोरबी–बरगवां मार्ग पर महिलाओं ने लगाया जाम

सिंगरौली। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की बदहाल स्थिति और उड़ती धूल–मिट्टी से हो रहे प्रदूषण को लेकर बुधवार को गोरबी–बरगवां मार्ग पर महिलाएँ सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन कर रही हैं। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटों से बाधित है।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि लंबे समय से यह मार्ग जर्जर हालत में है। जगह–जगह गड्ढे, टूटे हिस्से और निर्माण सामग्री के बिखरे रहने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के चलते उड़ने वाली धूल से लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है, वहीं बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। इस पर वाशरी से उड़ रही कोयले की धूल भी सेहत पर विपरीत असर डाल रही है। जबकि महावीर कोलवाशरी द्वारा भी पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से सड़क मरम्मत और धूल नियंत्रण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी उपेक्षा के विरोध में उन्हें सड़क पर उतरकर जाम लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

सूचना मिलते ही गोरबी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने जल्द सड़क की मरम्मत कराने और पानी के छिड़काव सहित प्रदूषण नियंत्रण के उपाय करने का आश्वासन भी दिया। परंतु आश्वासन के बाद भी महिलाओं ने जाम नहीं हटाया, जिससे कई किलोमीटर कोल वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

Next Post

हाइवे 18 पर ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल की टक्कर, एक युवक गंभीर रूप से घायल

Wed Dec 24 , 2025
सलामतपुर। थाना क्षेत्र के भोपाल-विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर मुक्तापुर गांव के सामने एक ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार लक्ष्मण सिंह राजपूत (45), निवासी भोपाल, के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें पहले सांची सिविल अस्पताल, फिर विदिशा मेडिकल कॉलेज ले जाया […]

You May Like