दतिया: जिले के कई इलाकों में बारिश के चलते जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बनने के बाद प्रशासन ने कई स्थानों पर आमजन की सुरक्षा को देखते हुए आवाजाही पर सख्त रोक लगा दी है।भांडेर शाहरपुरा रपटा और सेवड़ा छोटा पुल पर जलस्तर बढ़ने से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। ग्राम कोटरा और ग्राम पाली में प्रशासन ने ग्रामीणों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। बसई गांव में भी कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।दतिया शहर में अमन कॉलोनी, बुंदेला कॉलोनी, बस बंडी, ठंडी सड़क, रामनगर सहित कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
खरीफ फसल पर भी संकट के बादल
अब तक जिले में कुल बोनी 643.1 हजार हेक्टेयर में हो चुकी है, जो लक्ष्य का 74 फीसदी है। हालांकि, अभी तक फसल क्षति या मवेशी हानि की कोई गंभीर सूचना नहीं है, लेकिन जलभराव और अधिक बारिश की स्थिति बनी रही तो फसलों को नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
