
रीवा।जिले भर में राजस्व अधिकारियों तथा कृषि विभाग के अधिकारियों की निगरानी में खाद का वितरण किया जा रहा है. निजी दुकानदारों द्वारा की जा रही खाद बिक्री पर भी लगातार निगरानी की जा रही है. सेमरिया में खाद की अवैध रूप से बिक्री करने पर दो दुकानें सील की गई हैं. इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि राकेश बीज भण्डार से खाद के अवैध वितरण की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राजेश तिवारी ने कार्यवाही की. राकेश बीज भण्डार को 280 बोरी यूरिया आवंटित की गई थी. दुकानदार द्वारा निर्धारित दुकान के बजाय अन्य स्थान पर खाद उतारकर निर्धारित दर से अधिक राशि लेकर खाद की बिक्री की जा रही थी. बिक्री स्थल पर पीओएस मशीन बिक्री रजिस्टर भी नहीं पाया गया. नायब तहसीलदार ने मौके पर 83 बोरी खाद जब्त की तथा दुकान को सील कराया. इसके बाद राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने रमेश कृषि सेवा केन्द्र हरदुआ में कार्यवाही करते हुए दो सौ बोरी यूरिया खाद जब्त की। दुकान को 280 बोरी यूरिया आवंटित की गई थी. दुकानदार ने बिना पीओएस मशीन एवं वितरण पंजी के 80 बोरी खाद अधिक दाम में बेंची गई. इस दुकान को भी सील कर दिया गया है. खाद की बिक्री और वितरण पर लगातार निगरानी की जा रही है. एसडीएम हुजूर वैशाली जैन ने भी 16 सितम्बर को रीवा में खाद बिक्री केन्द्र से अधिक दाम में खाद बेचे जाने पर कार्यवाही की.
