आमिर खान प्रोडक्शंस की ‘बंटवारा 1947’ का मोशन पोस्टर रिलीज ,14 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म

मुंबई, 09 जून (वार्ता) आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि इसका निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार राजकुमार संतोषी ने किया है। जारी मोशन पोस्टर में विभाजन के दौर की पीड़ा, संघर्ष, साहस और मानवीय भावनाओं की झलक दिखाई गई है। फिल्म की कहानी ऐसे नायक के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसने नफरत और भय के माहौल में भी साहस और मानवता का रास्ता चुना। फिल्म में सनी देओल के अलावा शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

‘बंटवारा 1947’ राजकुमार संतोषी और सनी देओल की चर्चित जोड़ी को करीब 30 साल बाद फिर साथ ला रही है। इससे पहले दोनों ने ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी सफल और यादगार फिल्मों में साथ काम किया था। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म के निर्माता आमिर खान और अपर्णा पुरोहित हैं। आमिर खान प्रोडक्शंस के अनुसार, ‘बंटवारा 1947’ देश के विभाजन की स्मृति से जुड़े अवसर पर 14 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। मोशन पोस्टर के जारी होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया है।

.....

Next Post

चंबल नदी में 250 ट्रॉली रेत की नष्ट, 2 जेसीबी और 3 लोडर से रेत के ढेर हटवाये

Tue Jun 9 , 2026
मुरैना: सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बाद राजस्व, वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टॉस्क फोर्स ने चम्बल नदी किनारे अवैध रूप से डंप की गयी रेत को नष्ट कर दिया है। अभियान के दौरान जेसीबी मशीन, 3 लोडर और लगभग 25 अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहें।चंबल नदी के […]

You May Like