
शाजापुर। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के पीने से कुछ लोगों की मौत और बीमार पडऩे की घटना के बाद शाजापुर जिले में प्रशासन सतर्कता बरत रहा है. दरअसल, विभिन्न वार्डों में पाइप लाइनों की स्थिति, जल सप्लाई व शुद्विकरण जैसी प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया जा रहा है. नगर पालिका के माध्यम से नगर में हो रहे जल सप्लाई केंद्र व जल शुध्दिकरण केंद्र की विशेष रूप से जांच की गई.
नगर पालिका के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के द्वारा नगर के रहवासी क्षेत्रों व वार्डों में बिछाई गई पाइपलाइनों व होने वाले जल सप्लाई की लाइनों की भी जांच की जा रही है. वहीं पीने के पानी के मानक की मीटर के माध्यम से जांच की जा रही है.
गंदा पानी आ रहा है तो तत्काल बताएं
नगर में शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, उपाध्यक्ष संतोष जोशी, जल सभापति प्रेम यादव एवं सीएमओ भूपेंद्र कुमार दीक्षित के नेतृत्व में आज नगर पालिका के दल ने नगर के वार्ड लक्ष्मी नगर में पाइप लाइन तथा वहां पर नलों में आने वाले पानी की जांच की. वहीं दल ने लोगों से कहा कि पाइपलाइन में गंदा पानी आ रहा है तो नगर पालिका में तत्काल बताएं एवं शिकायत करें, उनकी समस्या का जल्द से जल्द निराकरण किया जाएगा. इसके उपरांत अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले ने भी शाजापुर मुख्यालय स्थित जल शुध्दिकरण केंद्र वाटर वक्र्स पहुंचकर उसका निरीक्षण किया. नगर पालिका शाजापुर सीएमओ भूपेंद्र कुमार दीक्षित ने नगर वासियों से अनुरोध किया है कि नगर में कहीं भी किसी भी प्रकार की जल संबंधित या अगर कोई अन्य समस्या हो तो वह सीधे उनसे फोन पर संपर्क कर सकते हैं और नगर पालिका में आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसका तत्काल निराकरण कराया जाएगा.
कालापीपल में जलशोधन यंत्रालय का निरीक्षण
नगर परिषद अध्यक्ष जय प्रकाश अग्रवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी बीएल पुरबिया ने नगर परिषद पानखेड़ी कालापीपल के जल शोधन यंत्रालय का निरीक्षण किया. इस दौरान मल्टी अरबन कंपनी के उपयंत्री अंकित कुमार के द्वारा वाटर ट्रीट मेंट प्लांट पर पेय जल का परीक्षण किया गया. परीक्षण के दौरान जल की गुणवत्ता मानक अनुसार पाई गई. साथ ही नगर में जल सप्लाय के नल कनेक्शन के जल का भी परीक्षण किया गया, जिसमें पानी पेयजल की गुणवत्ता पूर्ण रूप की पाई गई. नगर में पेयजल पाइप लाइन में खराबी या फिर पानी लीकेच होने पर तत्काल निकाय को सूचित करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुरबिया के द्वारा दिए तथा नगर के नागरिकों से भी अपील की गई. इस अवसर पर नगर परिषद के सहायक कर्मचारी उपस्थित थे.
