
सीधी।देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार 31 अक्टूबर को सीधी जिले में “रन फॉर यूनिटी” दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने उपस्थित जनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई तथा हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। पुलिस परेड ग्राउंड से प्रारंभ हुई यह एकता दौड़ जिलेभर में राष्ट्र एकता का सशक्त संदेश लेकर दौड़ी। कार्यक्रम में 350 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस दूरदर्शिता, दृढ़ता और राष्ट्रनिष्ठा के साथ देश के बिखरे रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की अखंडता को मजबूत किया, वह हमारे इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने हमें सिखाया कि कोई भी कार्य असंभव नहीं, यदि संकल्प और एकता अडिग हो। सांसद ने कहा कि आज की यह ‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एक खेलकूद आयोजन नहीं, बल्कि यह उस राष्ट्रभावना का प्रतीक है जिसने भारत को एकता के सूत्र में बाँधा है। सीधी जैसे अंचल में युवाओं का यह उत्साह इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी देश की अखंडता, समरसता और विकास की दिशा में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है। सरदार पटेल के आदर्श हमें प्रेरित करते हैं कि हम सभी मिलकर भारत को एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाएं।इस आयोजन का संचालन पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, एडीएम बी.पी. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, एसडीएम राकेश शुक्ला, नगर पालिका सीएमओ मिनी अग्रवाल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएँ तथा पुलिस बल बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
