हावड़ा-गुवाहाटी के बीच दौड़ेगी सेमी हाई-स्पीड वंदेभारत स्लीपर, असम और बंगाल के कई जिलों को मिलेगा लाभ

नई दिल्ली। रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच एक आधुनिक सेमी हाई-स्पीड ट्रेन वंदेभारत स्लीपर चलाने की योजना बनाई गई है। इस ट्रेन के संचालन से असम और पश्चिम बंगाल के कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे यात्रा समय कम होगा और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

यह ट्रेन असम राज्य के कामरूप मेट्रोपोलिटन और बोंगाईगांव जिलों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्धमान, हुगली और हावड़ा जिलों को जोड़ने का कार्य करेगी।

ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल है। इसकी कुल यात्री क्षमता 823 होगी, जिसमें थर्ड एसी में 611, सेकंड एसी में 188 और फर्स्ट एसी में 24 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।

यह सेमी हाई-स्पीड ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे तक की डिजाइन स्पीड से चलने में सक्षम होगी। इसमें एर्गोनॉमिक तरीके से डिजाइन की गई बर्थ, बेहतर कुशनिंग, ऑटोमैटिक दरवाजे और वेस्टिब्यूल की सुविधा दी गई है, जिससे कोचों के बीच आवाजाही आसान होगी।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए ट्रेन में उन्नत सस्पेंशन सिस्टम, शोर में कमी, कवच सुरक्षा प्रणाली, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम और उच्च स्तरीय सैनिटेशन बनाए रखने के लिए डिसइंफेक्टेंट तकनीक का उपयोग किया गया है। वहीं ड्राइवर केबिन में आधुनिक कंट्रोल और अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणालियां लगाई गई हैं।

एयरोडायनामिक बाहरी डिजाइन और ऑटोमैटिक बाहरी यात्री दरवाजों से लैस यह ट्रेन उत्तर-पूर्व और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क को नई गति देने का काम करेगी।

Next Post

दूषित पानी से मौतों के बाद फेरबदल, इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त हटाए गए

Fri Jan 2 , 2026
भोपाल। इंदौर शहर के भगीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासनिक फेरबदल किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को पद से हटाकर मंत्रालय भेज दिया गया है। इस कदम […]

You May Like