इंदौर: मुख्यमंत्री और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के तहत इंदौर पुलिस आमजन के बीच पहुंचकर उनका भरोसा जीतने और सुरक्षा का एहसास दिलाने के अभियान में जुटी है. जिसके तहत पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के मार्गदर्शन में अधिकारी रोजाना क्षेत्रीय भ्रमण कर रहे हैं और नागरिकों से सीधा संवाद कर रहे हैं.
थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया कि जोन 04 के अंतर्गत सराफा एसीपी हेमंत चौहान ने शाम छत्रीपुरा क्षेत्र का दौरा किया और मोहल्ले के रहवासियों से जनसंवाद किया. उन्होंने स्थानीय लोगों से मित्रवत व्यवहार करते हुए विभिन्न समस्याएं जानीं और उनसे खुलकर चर्चा की.
जनसंवाद के दौरान कई नागरिकों ने क्षेत्र में सक्रिय नशाखोरों और असामाजिक तत्वों की शिकायत की, जिस पर एसीपी चौहान ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने नागरिकों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने के उपाय भी बताए और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से बचने की सलाह दी.अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की यह जनसंवाद पहल आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगी.
