
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में कहा कि आज विश्व के 150 से अधिक देश आयुर्वेद को अपना रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद बीमारी होने से पहले ही निजात दिलाने वाला विज्ञान है और इसमें कैंसर जैसी बीमारियों का भी कारगर इलाज है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश को 12 नए आयुष अस्पतालों की सौगात दी, जिनमें उज्जैन और खजुराहो में 50-50 बिस्तर के अस्पताल तथा पंचमढ़ी, मंदसौर, चित्रकूट सहित 10 शहरों में 10-10 बिस्तर वाले छोटे अस्पताल शामिल हैं। साथ ही 1 वर्ष में 8 मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि सभी आयुर्वेद कॉलेज में पीजी कोर्स शुरू किए जाएंगे और स्नातक/स्नातकोत्तर आयुष चिकित्सकों को तीन अग्रिम वेतन सुविधा पुनः लागू होगी। इसके अलावा आयुष चिकित्सा अधिकारियों को वरिष्ठ पदनाम देकर प्रथम श्रेणी अधिकारी घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सबसे बेहतर आयुर्वेद शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं वाला राज्य मध्यप्रदेश बनेगा।
