
सौसर। नववर्ष के प्रथम दिन, गुरुवार को सुप्रसिद्ध चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर संस्थान (हनुमान लोक), जामसांवली धाम में श्रद्धा और उत्साह का संगम देखने को मिला। साल के पहले दिन बजरंगबली का आशीर्वाद लेने के लिए सुबह से ही भक्तों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। इस विशेष अवसर पर संस्थान द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक भव्य ‘विक्रय केंद्र’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
उचित मूल्य पर मिलेगी धार्मिक सामग्री
संस्थान द्वारा संचालित इस नए विक्रय केंद्र का मुख्य उद्देश्य भक्तों को उच्च गुणवत्ता वाली धार्मिक सामग्री उपलब्ध कराना है। अब श्रद्धालु मंदिर परिसर से ही भगवान की सुंदर प्रतिकृतियां (मूर्तियां), विशेष मेमेंटोज़, शुद्ध प्रसाद और अन्य पूजन सामग्री उचित एवं निर्धारित मूल्य पर प्राप्त कर सकेंगे। इससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को स्मृति चिह्न और प्रसाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
प्रसादम सेवा’ का शुभारंभ,अब श्रद्धालुओं को मिलेगा सुलभ भोजन
नववर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सौगात दी गई है। मंदिर समिति द्वारा भक्तों की सुविधा हेतु ‘दोपहर प्रसादम सेवा’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस सेवा का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही सात्विक और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। अब श्रद्धालुओं को भोजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि वे बहुत ही न्यूनतम दर पर उच्च गुणवत्ता वाला भोजन प्राप्त कर सकेंगे। मंदिर संस्थान के अनुसार, प्रसादम सेवा प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक संचालित की जाएगी। संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि हनुमान लोक में बढ़ती भीड़ और श्रद्धालुओं की जरूरतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सेवा के पहले ही दिन बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसादम का लाभ लिया।
