
परासिया। भगवान सहस्त्रबाहु जन्मोत्सव के अवसर पर सहस्त्रबाहु कलार समाज, परासिया के तत्वावधान में खाटू श्यामजी भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत बाजार चौक में भगवान खाटू श्यामजी का आकर्षक दरबार सजाया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सहस्त्रबाहु एवं खाटू श्याम सुंदर की विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भजन गायक सुनील सत्यार्थी ने खाटू श्यामजी की स्तुति और आराधना से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं जिले की चर्चित गायिकाएं शेफाली शाह एवं रूपाली जांघेला ने “हम कथा सुनाते हैं श्रीराम की” और “छप्पन भोग” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
देर रात बुरहानपुर से पधारी सुप्रसिद्ध भजन गायिका खुशबू चौकसे ने सहस्त्रबाहु कलार समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए खाटू श्यामजी के दरबार में अपनी संगीतमय प्रस्तुति दी। उन्होंने “ग्यारस की ये रात”, “सांवरे का ख्वाब आया है”, “श्रीराम जानकी जय हनुमाना”, “कीर्तन की रात आई है” और “श्याम सुंदर की क्या बात” जैसे मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा।
कार्यक्रम के समापन पर खाटू श्यामजी की महाआरती की गई एवं छप्पन भोग अर्पित किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में खाटू श्यामजी के भक्तों के साथ कलार समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
