दिल्ली की अद्या कात्याल ने जूनियर महिला ट्रैप का खिताब जीता

नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली की अद्या कात्याल ने 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिताओं (शॉटगन) के फाइनल में शांत और संयमित प्रदर्शन करते हुए जूनियर महिला ट्रैप का खिताब अपने नाम किया।

डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित इस प्रतियोगिता में अद्या ने 42 हिट्स के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश की साबीरा हरीस ने अंतिम चरण तक अद्या को कड़ी टक्कर दी लेकिन 41 हिट्स के साथ रजत पदक पर संतोष करना पड़ा। तमिलनाडु की तनीष्का सेनथिलकुमार ने 28 हिट्स के साथ कांस्य पदक जीता।

अद्या ने क्वालिफिकेशन राउंड में 112 हिट्स के प्रभावशाली स्कोर के साथ टॉप किया और अपनी शानदार फॉर्म को फाइनल में जारी रखा। दिल्ली की भव्या त्रिपाठी क्वालिफिकेशन में दूसरे स्थान पर रही (110 हिट्स) लेकिन फाइनल में छठे स्थान पर समाप्त हुई (11 हिट्स)। तनीष्का तीसरे स्थान पर क्वालिफाई की (105 हिट्स), इसके बाद राजस्थान की दर्शना राठौर (104), साबीरा हरीस (102), और दिल्ली की अनन्या यादवांशी (101) ने टॉप-6 की सूची पूरी की और पदक राउंड में प्रवेश किया।

फाइनल में अद्या ने दबाव के बावजूद निरंतरता बनाए रखी और निर्णायक क्षणों में बढ़त लेकर स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया। साबीरा ने अंतिम सीरीज तक मजबूत चुनौती दी और अंत में केवल एक हिट से पीछे रह गई। तनीष्का ने फाइनल के मध्य चरण में स्थिर प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया, दर्शना राठौर चौथे (23 हिट्स) और अनन्या यादवांशी पांचवें (17 हिट्स) स्थान पर रही।

दिल्ली ने अद्या कात्याल, भव्या त्रिपाठी और अनन्या यादवांशी के योगदान से जूनियर महिला ट्रैप टीम गोल्ड अपने नाम किया, कुल स्कोर 323 रहा। तमिलनाडु ने तनीष्का सेनथिलकुमार, निला राजा बालू और अंतरा राजसेकर के प्रदर्शन के साथ 295 स्कोर कर टीम में दूसरा स्थान पाया। राजस्थान ने दर्शना राठौर, मैत्रेयी सिंह और माहिका किटावत के साथ तीसरा स्थान हासिल किया, कुल स्कोर 274 रहा।

68वीं एनएससीसी की कार्रवाई नए साल में जारी रहेगी। 10 मीटर एयर राइफल महिला फाइनल 2 जनवरी, 2026 को एमपी स्टेट शूटिंग अकादमी, भोपाल में आयोजित होगा, जबकि ट्रैप पुरुष फाइनल उसी दिन डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, दिल्ली में होगा।

 

 

 

Next Post

भागीरथपुरा ही नहीं, पूरे शहर की जल और सीवरेज व्यवस्था पर गंभीर सवाल

Wed Dec 31 , 2025
इंदौर: शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी की सप्लाई से चार लोगों की मौत और कई के बीमार होने की घटना ने पूरे शहर में दहशत फैला दी है. यह हादसा केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की पूरी जल सप्लाई और सीवरेज व्यवस्था पर गंभीर […]

You May Like