सतना:मैहर जिले के अमरपाटन एवं ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरी ताल आश्रम, मानस पीठ आश्रम और पोंडी धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास अवैध शराब की खुलेआम बिक्री का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब पैकारी में लिप्त लोग नाबालिग बच्चों से शराब बिकवा रहे हैं, जिससे साधु-संतों सहित आम नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शराब के नशे में आए दिन विवाद और आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। शाम होते ही खजुरी ताल के आसपास नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे आमजन का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।बताया जा रहा है कि इस मामले में रीवा आईजी द्वारा सख्त कार्रवाई के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद खजुरी ताल क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार जारी होने के आरोप लग रहे हैं।नाबालिगों से शराब बिक्री कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।इस संबंध में अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर चुकी है। पूछताछ के दौरान संबंधित महिला ने वीडियो को पुराना बताया है। उन्होंने बताया कि उक्त घर में एक विधवा महिला और उसकी बच्ची रहती है तथा जांच के दौरान मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
