किर्गिस्तान ने पूर्व राष्ट्रपति अतंबायेव से सभी राजकीय पुरस्कार छीन लिए

बिश्केक, 29 दिसंबर (वार्ता) किर्गिजस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापरोव ने पूर्व राष्ट्रपति अल्माज़बेक अतंबायेव से सभी राजकीय पुरस्कार छीनने का आदेश जारी किया है। यह जानकारी राष्ट्रपति कार्यालय ने सोमवार को दी।

बयान में कहा गया है, “किर्गिज़ गणराज्य के राष्ट्रपति सादिर जापरोव ने बिश्केक की पेरवोमाइस्काई जिला अदालत के 3 जून, 2025 के फैसले के अनुसार एक फरमान पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत अल्माज़बेक शारशेनोविच अतंबायेव से किर्गिज़ गणराज्य के राजकीय पुरस्कार छीन लिए गए हैं जिनमें सर्वोच्च सम्मान ‘किर्गिज़ रिस्पब्लिकासिनिन बातिरी’ (किर्गिज़ गणराज्य के नायक), मानस द्वितीय श्रेणी का ऑर्डर, दानाकेर का ऑर्डर, और दानाकेर पदक शामिल हैं।”

इसमें आगे कहा गया है कि श्री अतंबायेव को पुरस्कार देने वाले आदेश रद्द कर दिए गए हैं। डिक्री में किर्गिज़िस्तान के महान्यायवादी कार्यालय की बेलिफ सेवा को निर्देश दिया गया है कि वह पुरस्कारों और संबंधित दस्तावेज़ों को नियम के अनुसार जब्त करे।”

श्री अतंबायेव ने 2017 के चुनाव के बाद अपने सहयोगी और उत्तराधिकारी सोरोंबाई जीनबेकोव को सत्ता सौंपी थी। इसके कुछ समय बाद उनके सहयोगियों पर आपराधिक मामले शुरू हो गए। उन्हें पूर्व राष्ट्रपति का दर्जा छीन लिया गया और गंभीर अपराधों के आरोप लगाए गए। श्री अतंबायेव का कहना है कि उन पर और उनके सहयोगियों पर लगे सभी आरोप राजनीति से प्रेरित हैं।

7-8 अगस्त, 2019 को, किर्गिज़ विशेष सेवाओं ने उन्हें हिरासत में लेने के लिए राजधानी के पास श्री अतंबायेव के कोई-ताश आवास पर छापा मारा। उनके समर्थकों ने विरोध किया और जवाबी फायरिंग की। श्री अतंबायेव ने झड़पों के दूसरे दिन आत्मसमर्पण कर दिया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस घटना में 136 लोग घायल हुए और एक विशेष बल का जवान मारा गया।

फरवरी 2023 में किर्गिज़ अदालत ने इलाज के लिए श्री अतंबायेव को स्पेन जाने की अनुमति दी थी। वे अब तक वापस नहीं लौटे हैं। अप्रैल 2025 में बिश्केक के पर्वोमाइस्की जिला न्यायालय ने उन्हें अपराध सरगना अज़ीज़ बटुकायेव को रिहा करने के लिए उनकी अनुपस्थिति में दोषी ठहराया, लेकिन समय सीमा के कारण सज़ा माफ कर दी। जून 2025 में उसी अदालत ने कोइ-ताश घटना और अन्य मामलों में उन्हें अनुपस्थित में 11 वर्ष और 6 महीने की सजा सुनाई।

 

 

 

 

 

Next Post

रुपया आठ पैसे कमजोर

Mon Dec 29 , 2025
मुंबई, 29 दिसंबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया सोमवार को आठ पैसे टूटा और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 89.9825 रुपये का बोला गया। भारतीय मुद्रा लगातार तीसरे दिन कमजोर हुई है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 19 पैसे गिरकर 89.90 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी। […]

You May Like