
छतरपुर। नगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत यादव कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां पतंग उड़ाते समय 9 वर्षीय बच्चा छत से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। हादसे में बच्चे के नाक में गंभीर चोट आई, जिससे काफी खून बहने लगा।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने घायल बच्चे को संभाला और बिना देर किए उसे छतरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर लिया। फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है और डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया है। डॉक्टरों ने परिजनों को बच्चों को छत पर खेलते समय विशेष सावधानी बरतने और निगरानी रखने की सलाह दी है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
