प्रधानमंत्री मोदी की फोटो पर दिग्गविजय सिंह की टिप्पणी पर सुधांश त्रिवेदी ने कहा यह संगठन की कार्यशैली का प्रतीक है

नयी दिल्ली, 27 दिसंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी फोटो पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की सकारात्मक टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुये इसे पार्टी और संगठन की कार्यशैली का प्रतीक बताया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी फोटो को एक्स पर पोस्ट करते हुये लिखा कि क्वोरा साइट पर मुझे यह चित्र मिला, यह बहुत ही प्रभावशाली है। उन्होंने लिखा कि किस प्रकार राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) का जमीनी स्वयंसेवक और जनसंघ, भाजपा का कार्यकर्ता नेताओं के चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री व देश का प्रधानमंत्री बना, यह संघटन की शक्ति है।

इस पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह भाजपा की कार्यशैली का प्रतीक है कि धरातल से जुड़ा हुआ व्यक्ति किस प्रकार अपनी प्रतिभा, क्षमता और संगठन के सहयोग से शीर्ष स्तर पर पहुंच कर भारत और विश्व के सबसे लोकप्रिय नेतृत्व के रूप में उभरने में सफल होता है। श्री त्रिवेदी ने कहा कि कहीं न कहीं अब वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को यह लगने लगा है या उनको यह एहसास होने लगा है कि हमारे नेता नरेंद्र मोदी गुदड़ी के लाल हैं, जो पार्टी को नीचे से ऊपर की तरफ ले गये हैं। श्री त्रिवेदी ने अपने बयान में कहा कि दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी की समझ पर सवाल नहीं उठाया है, उन्होंने कहा कि श्री गांधी की समझ पर सवाल अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपनी किताब ‘द प्रॉमिस लैंड’ के चैप्टर 24 में लिखा है कि वह एक ऐसे छात्र की तरह है जो अपने शिक्षक को प्रभावित करने की छटपटाहट में भाव भंगिमा तो दिखा रहा है लेकिन उसमे वास्तविक ज्ञान या गंभीरता का अभाव है।

Next Post

राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन ने 67 हजार शिकायतों का समाधान कर 45 करोड़ रुपये की राशि वापस दिलवाई

Sat Dec 27 , 2025
नयी दिल्ली 27 दिसम्बर (वार्ता ) राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन ने देश भर में उपभोक्ताओं की शिकायतों के प्रभावी, समयबद्ध और मुकदमेबाजी से पहले निवारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आठ महीनों में 31 क्षेत्रों में 45 करोड़ रुपये की राशि उपभोक्ताओं को वापस दिलवाई है। ई-कॉमर्स क्षेत्र में सबसे अधिक […]

You May Like