
बुधनी/ भैरूंदा। क्षेत्र में इन दिनों सागौन की अवैध कटाई जोरों पर चल रही है. सागौन चोरी करने वाले माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम वन विभाग के अमले पर पिस्तौल तान लेते हैं और उन्हें कुचलने का प्रयास करने से नहीं हिचकते.
ऐसा ही घटनाक्रम भैरूंदा थाना क्षेत्र के सुआपानी खाल के पास देखने को मिला. जहां वन अमले ने जब अवैध रूप से काटी गई सागौन से भरे ट्रेक्टर-ट्राली को रोकने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने अमले पर पिस्टल तान दी और ट्रेक्टर-ट्राली को भगवा दिया. वहां से निकले माफियाओं को वन विभाग की दूसरी टीम ने किसी तरह दबोच लिया और दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान एक आरोपी ने ट्रैक्टर चढ़ाकर वन अमले को कुचलकर मारने का प्रयास किया और ट्रेक्टर लेकर भाग गया. हालांकि वह सागौन के ल_े छोड़कर चला गया. वन अमले की सूचना पर भैरूंदा पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है.
गत 24 दिसंबर को मुखबिर ने सूचना दी कि बीट रफीकगंज के नाथवाली नाम स्थान पर कुछ लोग सागौन के पेड़ काट रहे हैं. वन विभाग ने तीन टीमें गठित कीं. पहली टीम में वनपाल देवेंद्र चौहान, वनरक्षक अमर सिंह रावत सहित अन्य कर्मी शामिल थे, जिन्होंने नयापुरा से घेराबंदी की. जब टीम पहुंची तो उन्होंने देखा कि एक ट्रेक्टर-ट्राली में सागौन के लठ्ठे लोड थे. ट्रेक्टर पर दो आदमी बैठे थे तथा एक आदमी बाइक लेकर खड़ा था. वन अमले ने जब उन्हें पकडऩे का प्रयास किया तो मोटर साइकिल पर बैठे व्यक्ति ने वन अमले पर पिस्टल तान ली. जब वनकर्मी उसका वीडियो बनाने लगा तो वह पिस्तौल कमर में खोंसकर वहां से भाग निकला. टीम ने सुआपानी बागलीखेड़ा से घेराबंदी करने वाली टीम को सूचना दी. दूसरी टीम के वनरक्षक नरेंद्र राजपूत ने सागोन से भरी ट्राली को अपनी बाइक से रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेक्टर चालक वनरक्षक नरेंद्र राजपूत की बाइक पर ट्रेक्टर चढ़ाते हुए वहां से भाग निकला. टीम ने पीछा करते हुए बाइक से भाग रहे दो बदमाशों को रात करीब 10.40 बजे सुआपानी खाल के पास दबोच लिया. पूछताछ के दौरान पिस्टलधारी बदमाश की पहचान राजवीर सिंह निवासी निमोटा के रूप में हुई. दूसरे ने अपना नाम श्रीनिवासी धुर्वे 40 साल निवासी निमोटा बताया. टीम ने बदमाशों के पास से पिस्टल और एक लोहे का बाघनख जब्त किया है. पिस्टल की मैगजिन में दो जिंदा कारतूस मिले हैं.
नहीं कूदता तो कुचल देता ट्रैक्टर चालक
जब मैने ट्रेक्टर रोकने का प्रयास किया तो चालक ने मुझ पर ट्रेक्टर चढ़ाकर मारने का प्रयास किया. किसी तरह मैं तो बच गया, लेकिन मेरी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई. टीम ने दो आरोपियों को दबोच लिया.
नरेन्द्र सिंह राजपूत, वनरक्षक
अवैध रूप से सागौन की कटाई की सूचना मिली थी। अमले ने दबिश देकर दो बदमाशों को पकड़ा है। मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तार से जानकारी दी जाएगी.
प्रकाशचंद्र उईके, वन परिक्षेत्र अधिकारी लाड़कुई
