
सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम जताखेड़ा स्थित एक प्रायवेट स्कूल के शिक्षकों ने अमानवीयता की तमाम हदों को पार करते हुए शिक्षक पद को कलंकित कर दिया. होमवर्क नहीं करने वाले छात्रों को हाड़कंपा देने वाली ठंड में अर्धनग्र होने के लिए मजबूर किया. इसकी जानकारी अभिभावकों को मिली तो उन्होंने शुक्रवार को बजरंग दल व अन्य सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ जाकर स्कूल में जमकर हंगामा किया. आनन- फानन में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्राचार्य और चालक को हटाने के आदेश जारी करते हुए संस्था पर एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है.
जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम जताखेड़ा स्थित सेंट मार्टिन स्कूल शुक्रवार को उस वक्त चर्चाओं में आ गया जब बच्चों के अभिभावकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर हंगामा कर दिया. बताया जाता है कि स्कूल की शिक्षिका समरीन खान द्वारा होमवर्क नहीं करने वाले छात्रों के कपड़े उतरवाकर उन्हें ठंड में खड़ा कर दिया. बच्चों का अर्धनग्र फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बच्चों के अभिभावकों में आक्रोश का माहौल निर्मित हो गया था. शुक्रवार को वह स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया. स्कूल में हंगामा होने की जानकारी लगते ही थाना मंडी से भारी पुलिस बल, तहसीलदार, सीएएपी आदि भी स्कूल पहुंच गए थे.
परिजनों के समक्ष बताई प्राचार्य की करतूतें
बजरंग दल नेता जगदीश कुशवाह और अभिभावकोंं के समक्ष कक्षा सातवीं के बच्चों ने बताया कि उनके कपड़े होमवर्क पूरा न होने के कारण उतारे गए. नवंबर के पहले रोजाना कपड़े उतरवाए जाते थे,. गार्ड के द्वारा आईल भी लगाया जाता था. उक्त कृत्य प्राचार्य के कहने पर किया जाता था तथा प्राचार्य द्वारा मारा भी जाता था. बच्चों का कहना था कि ड्राइवर द्वारा ग्राउन्ड में पूरे टाइम पत्थर बिनवाये जाते थे एवं हमेशा मारा जाता था. प्रोजेक्ट में नंबर नहीं दिये जाने की धमकी दी जाती थी. इस वजह से वह डरकर अपने परिजनों को कुछ नहीं बताते थे.
स्कूल पर लगाया एक लाख रुपए का जुर्माना
स्कूल की प्राचार्य समरीन खान द्वारा मासूम बच्चों को प्रताडि़त किए जाने की खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मामले की जांच की गई. इस दौरान बच्चों द्वारा लगाए गए सभी आरोप सत्य पाए गए. इसके आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सेंट मार्टिन स्कूल पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है. स्कूल प्रबंधन को यह जुर्माना सात दिन में जमा करने के आदेश दिए गए हैं. इसके अलावा प्राचार्य समरीन खान, अमरसिंह वर्मा और ड्रायवर सिबु जाफरी को तत्काल संस्था से बर्खास्त करने के भी आदेश दिए गए हैं.
स्कूल में पढ़ी हनुमान चालीसा
इस अवसर पर बच्चों ने बजरंग दल नेता जगदीश कुशवाह को बताया कि प्राचार्य समरीन खान द्वारा उन्हें तिलक लगाने और कलावा बांधने से भी रोका जाता था. इससे आक्रोशित होकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. इसके बाद स्कूल के गेट के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया. इस मौके पर बजरंग दल द्वारा पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा गया. अधिकारियों ने मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. इसके बाद ही प्रदर्शन करने वालों का आक्रोश कम हुआ.