मौसी के कहने पर मामा के साथ मिलकर की थी हत्या

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के जैसीनगर थाना अंतर्गत कंदेला के जंगल से बरामद अज्ञात शव की पहचान के बाद हत्या के चार आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है। जिसमे एक महिला भी शामिल है ।

थाना जैसीनगर पुलिस को ग्राम कंदेला के जंगल चौकी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। बेगमगंज, जिला रायसेन में दर्ज गुमइंसान से शव की पहचान हल्के उर्फ भारत पिता तारासिंह कुशवाहा निवासी ग्राम भुरेरू, थाना बेगमगंज, जिला रायसेन के रूप में की गई। पहचान मृतक के परिजनों द्वारा उसके पहने हुए कपड़े, अंगूठी और चांदी की चैन के आधार पर की गई। मृतक का पैनल पीएम बीएमसी सागर में कराया गया, जिसमें स्पष्ट हुआ कि उसकी हत्या सिर पर भारी वस्तु से वार, गले में गमछे से घोंटने और धारदार हथियार से पेट पर वार कर की गई है।विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम कंदेला निवासी रोहित कुशवाहा को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी मौसी माया कुशवाहा को मृतक भारत कुशवाहा मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। माया के कहने पर रोहित ने अपने मामा विष्णु पटेल एवं मित्र गजब सिंह ठाकुर के साथ मिलकर भारत कुशवाहा की योजनाबद्ध हत्या की।पूछताछ में यह भी सामने आया कि माया कुशवाहा और मृतक के बीच दो वर्षों से संबंध थे, जो पिछले एक वर्ष से विवादास्पद हो चुके थे। भारत के जबरदस्ती संपर्क करने, गाली-गलौच, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी से परेशान होकर माया ने अपने रिश्तेदारों को भारत की हत्या के लिए उकसाया। माया ने भारत को बहाने से कंदेला बुलवाया, जहाँ पहले से छिपे तीनों आरोपियों ने जंगल में ले जाकर पत्थर पटककर, गमछे से गला घोंटकर एवं कुल्हाड़ी से काटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।हत्या के बाद मृतक का मोबाइल छुपा दिया गया तथा पर्स को सड़क पर फेंक दिया गया, जिसे टीम द्वारा जप्त किया गया है। साथ ही घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पत्थर, कुल्हाड़ी एवं गमछा भी बरामद किए गए हैं। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है ।

Next Post

BJP प्रदेश अध्यक्ष बनने जा रहे हेमंत खंडेलवाल को विरासत में मिली राजनीति, निर्विरोध चुने जा रहे

Tue Jul 1 , 2025
भोपाल। मप्र भाजपा के अध्यक्ष बनने जा रहे बैतूल के विधायक हेमंत खंडेलवाल बड़ी राजनीतिक पृष्ठभूमि के नेता हैं। उन्हें राजनीति विरासत में मिली है। उन्होंने साल 2007 में पहली बार बैतूल से लोकसभा के उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। उसके बाद साल 2013 और 2023 में भी उन्होंने […]

You May Like

Play sound