नई दिल्ली। एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने अंतरराष्ट्रीय रियल एस्टेट क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए दुबई में अपनी उपस्थिति का विस्तार किया है। एनबीसीसी ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एनबीसीसी ओवरसीज़ रियल एस्टेट एलएलसी के माध्यम से दुबई में विदेशी रियल एस्टेट परिचालनों की औपचारिक शुरुआत की है। इसके साथ ही एनबीसीसी दुबई में स्वयं को रियल एस्टेट डेवलपर के रूप में लॉन्च करने वाला देश का पहला केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम (सीपीएसयू) बन गया है।
एनबीसीसी ओवरसीज़ रियल एस्टेट एलएलसी ने दुबई मेनलैंड में मिश्रित-उपयोग विकास परियोजना के लिए एक प्रमुख भूखंड का अधिग्रहण किया है। यह भूखंड 16 मिलियन एईडी में खरीदा गया है, जिसमें दुबई लैंड डिपार्टमेंट (डीएलडी), ब्रोकर एवं अन्य शुल्कों के रूप में भुगतान किए गए 1 मिलियन एईडी भी शामिल हैं।
प्रस्तावित परियोजना का कुल ग्रॉस फ्लोर एरिया (जीएफए) 51,718 वर्गफुट होगा तथा इसकी संरचना जी+2 पोडियम+8 मंज़िलों की होगी। इस परियोजना से 58 से 60 मिलियन एईडी के अनुमानित राजस्व की संभावना जताई गई है। भारत सरकार और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के समर्थन व अनुमोदन से यह परियोजना एनबीसीसी की वैश्विक विस्तार रणनीति का हिस्सा है।
एनबीसीसी के प्रबंधन ने अपनी मजबूत ब्रांड पहचान और स्मार्ट प्राइसिंग रणनीति का लाभ उठाते हुए इस अवसर को साकार किया है, जिसे कंपनी की विकास यात्रा में एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है।
घरेलू स्तर पर भी एनबीसीसी ने रियल एस्टेट क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत अटकी हुई अम्रपाली परियोजनाओं को अपने अधीन लेकर एनबीसीसी ने हजारों घर खरीदारों को राहत प्रदान की है। लगभग 38,000 इकाइयों के दायित्व में से अब तक करीब 30,000 इकाइयों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। साथ ही, अप्रयुक्त फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) के माध्यम से अतिरिक्त 8,200 इकाइयों को लॉन्च कर परियोजनाओं का और विस्तार किया जा रहा है।
इससे पूर्व एनबीसीसी ने दुबई साउथ में वर्ल्ड एक्सपो 2020 के लिए लगभग 172 मिलियन एईडी की लागत से इंडिया पवेलियन का सफलतापूर्वक निर्माण किया था, जिसने वैश्विक मंच पर भारतीय उत्कृष्टता को प्रदर्शित किया। दुबई में यह नया कदम एनबीसीसी की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और सुदृढ़ करेगा तथा भविष्य में विकास के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
