भोपाल। कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट)-2025 के नतीजों में भोपाल के छात्रों ने देश भर में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में भोपाल के दिव्यांश जैन ने शानदार 99.99 परसेंटाइल हासिल कर शहर को शीर्ष पर पहुंचाया। वहीं आकाशदीप गोयल ने 99.67 परसेंटाइल और व्योम श्रीवास्तव ने 99.4 परसेंटाइल प्राप्त कर कैट-2025 के टॉपर्स में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि कैट-2025 में देश भर से 2.58 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। यह परीक्षा 170 शहरों में स्थित 339 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिससे इसकी प्रतिस्पर्धा और प्रतिष्ठा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
शहर के टॉपर्स में शामिल आकाशदीप गोयल ने नवभारत से विशेष बातचीत में बताया कि उन्होंने यह उपलब्धि अपने दूसरे प्रयास में हासिल की है। ग्वालियर स्थित ट्रिपल आईटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने के बाद वे वर्ष 2021 से एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत रहे। नौकरी के साथ उन्होंने कैट के साथ-साथ यूपीएससी की तैयारी भी शुरू की।
आकाशदीप ने बताया कि उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी सेल्फ स्टडी रही। वे नियमित रूप से मॉक टेस्ट देते थे और हर टेस्ट के बाद अपनी गलतियों को पहचानकर उन्हें सुधारने पर विशेष ध्यान देते थे। उनका मानना है कि तैयारी और परीक्षा के दौरान ईमानदारी से अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहिए और परिणाम को ईश्वर पर छोड़ देना चाहिए।
इस उपलब्धि से आकाशदीप का परिवार भी बेहद गौरवान्वित है। उनकी माता गांधी मेडिकल कॉलेज में पीडियाट्रिक्स विभाग की प्रमुख हैं, जबकि उनके पिता मैनिट (एनआईटी) भोपाल में वरिष्ठ प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। बेटे की सफलता पर माता-पिता की आंखों में खुशी और भावुकता साफ झलकती है।
अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आकाशदीप का संदेश है कि एकाग्रता के साथ लक्ष्य पर फोकस रखें, ईमानदारी से मेहनत करें और अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का सतत प्रयास करते रहें। यही सफलता की राह है।
