अहमदाबाद, 23 दिसंबर (वार्ता) बंदरगाह कारोबार की प्रमुख कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन ने ऑस्ट्रेलिया के क्विंसलैंड प्रांत में ऐबट प्वाइंट पोर्ट की शत-प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है।
इस सौदे में किसी प्रकार की नकदी का लेनदेन नहीं हुआ है। ऐबट प्वाइंट पोर्ट की प्रवर्तक कंपनी करमाइकल रेल एंड पोर्ट सिंगापुर को बदले में प्राथमिकता के आधार पर इक्विटी शेयर जारी किये गये हैं जिनका मूल्य मंगलवार के बंद भाव के अनुसार 21,483 करोड़ रुपये से अधिक है।
अडानी पोर्ट्स ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस सौदे के लिए बहुलांश और अल्पांश शेयरधारकों के अलावा भारतीय रिजर्व बैंक और ऑस्ट्रेलिया विदेशी निवेश समीक्षा बोर्ड समेत सभी नियामकों की मंजूरियां भी मिल चुकी हैं।
ऐवट प्वाइंट पोर्ट ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड प्रांत में गहरे पानी के प्राकृतिक टर्मिनल एनक्यूएक्सटी का संचालन करती है। इस निर्यात टर्मिनल की सालाना क्षमता पांच करोड़ टन है और प्रांतीय सरकार ने इसे लंबी अवधि की लीज पर आवंटित किया है। लीज की अवधि साल 2110 में समाप्त होगी।
अडानी पोर्ट्स ने करमाइकल रेल एंड पोर्ट सिंगापुर को दो रुपये अंकित मूल्य के 14,38,20,153 शेयर आवंटित किए हैं। आज बाजार बंद होते समय कंपनी का शेयर 1,493.75 रुपये पर बंद हुआ था। इस हिसाब से इस सौदे का मूल्य 21,483 करोड़ रुपये से अधिक होता है।
अडानी पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अश्वनि गुप्ता ने सौदे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि एनक्यूएक्सटी एक उत्कृष्ट परिसंपत्ति है। इसका ट्रैक रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है और इसमें विकास की काफी संभावना है।
पिछले वित्त वर्ष में एनक्यूएक्सटी का परिचालन लाभ 22.8 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर रहा था। यह अडानी पोर्ट्स के पिछले वित्त वर्ष के परिचालन लाभ का सात प्रतिशत है।
अडानी पोर्ट्स ने ऑस्ट्रेलिया के एनक्यूएक्सटी टर्मिनल का अधिग्रहण पूरा किया
