कार बम धमाके में रूसी लेफ्टिनेंट जनरल सरवारोव की मौत, जांच शुरू

मॉस्को, 22 दिसंबर (वार्ता/ शिन्हुआ) रूसी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव रूस की राजधानी मॉस्को में सोमवार को एक कार धमाके में मारे गये।

श्री सरवारोव की उम्र 56 वर्ष थी और वह सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के अभियान प्रशिक्षण विभाग में तैनात थे। रूस की जांच समिति ने बताया कि कार के नीचे एक बम लगाया गया था। दक्षिणी मॉस्को की यासेनेवाया स्ट्रीट पर सोमवार सुबह बम फटने से श्री सरवारोव की मौत हो गयी।

इस बीच, समाचार एजेंसी स्पूतनिक ने जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको के हवाले से कहा कि सरवारोव की हत्या के मामले में आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू की गयी है। सुश्री पेट्रेंको ने कहा, “एक सैन्यकर्मी की हत्या के मामले में मॉस्को में एक आपराधिक मामला शुरू किया गया है।”

सुश्री पेट्रेंको ने कहा कि जांचकर्ता हत्या के कई सुरागों और संभावित स्थितियों की जांच कर रहे हैं। उन्हें संदेह है कि यह अपराध यूक्रेन की विशेष सेवाओं द्वारा किया गया हो सकता है। पेट्रेंको ने कहा, “ जख्मों के कारण, रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के अभियान प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव की मौत हो गयी है।”

इससे पूर्व, रूसी जांच समिति ने कहा था कि दक्षिणी मॉस्को में एक घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया था, जबकि एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।

 

 

Next Post

पश्चिम बंगाल में एसआईआर के तहत सुनवाई 27 दिसंबर से

Mon Dec 22 , 2025
कोलकाता, 22 दिसंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत सुनवाई की प्रक्रिया 27 दिसंबर से शुरू होगी। चुनाव आयोग और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने उन मतदाताओं के रिकॉर्ड के सत्यापन के लिए विस्तृत व्यवस्था की है जिनके विवरण में विसंगतियां […]

You May Like