
ग्वालियर। बाईपास सर्जरी के बाद भी दुबारा से हार्ट अटैक का खतरा बना रहता है। इसलिए ऐसे मरीजों को और सावधान रहना चाहिए। वहीं सर्दियों में आमजन के लिए भी सुबह जल्दी घूमना घातक हो सकता है। ये बात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रविशंकर डालमिया ने कही। वे इंडियन मेडीकल एसोसिएशन के ग्वालियर चेप्टर द्वारा हृदय रोग विषय पर आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक शर्मा व डॉ. विवेक रंजन श्रीवास्तव ने भी हार्ट सर्जरी को लेकर विस्तृत जानकारी दी। आईएमए ग्वालियर चेप्टर के अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य डॉक्टर्स व आमजन को हृदय रोग के बढ़ते हुए खतरे से जागरूक करना और बचाना है। आईएमए ग्वालियर चेप्टर के सचिव डॉ अनुराग चौहान ने कहा कि अगले महीने डॉक्टर्स के लिए स्पोर्ट्स कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में वरिष्ठ डॉक्टर्स डॉ बीआर श्रीवास्तव, डॉ पुरेंद्र भसीन, डॉ.अशोक मिश्रा, डॉ प्रियवंदा भसीन, ग्वालियर ऑब्सट्रेटिक्स एंड गायनिकोलॉजिकल सोसायटी की अध्यक्ष डॉ रीता मिश्रा, डॉ विवेक जैन, डॉ बृजेश शर्मा, डॉ सुनील शर्मा, डॉ प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ.अमित रघुवंशी, डॉ खोजेमा सैफी आदि डॉक्टर्स उपस्थित रहे।
