
भोपाल। हबीबगंज थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है. रविवार को पुलिस ने आरोपी के पास से एक चोरी की कार को जब्त कर लिया. गिरफ्त में आए आरोपी के पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड थानों में दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 16 दिसंबर को फरियादी ललित श्रीवास्तव (75) निवासी अरेरा कालोनी ने अपनी कार चोरी को शिकायत दर्ज कराई. फरियादी ने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले रात के समय उन्होंने अपनी कार घर के बाहर पार्क किया था. पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए अज्ञात आऱोपी की तलाश शुरू की.
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति शाहपुरा लेक के पास एक कार बेंचने की फिराक में है. मौके पर पहुंची पुलिस ने संदेही से कार को लेकर पूछताछ की. पुलिस की कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने इलाके से कार चोरी की बात को स्वीकार किया. आरोपी की पहचान आदित्य तंवर (44) निवासी गांधीनगर के रूप में की गई है. आरोपी के आपराधिक रिकार्ड खंगालने पर पुलिस को जानकारी मिली कि शहर के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज है. आरोपी से अन्य मामलों में पूछताछ की जा रही है.
