नयी दिल्ली, 19 दिसंबर (वार्ता) ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट ने एआई और मशीन लैंग्वेज समाधान प्रदाता कंपनी मिनिवेट एआई में नियंत्रक हिस्सेदारी हासिल कर ली है। फ्लिपकार्ट ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह अधिग्रहण मूल रचनात्मक एआई (जेनएआई) क्षमताओं के निर्माण और उनमें निवेश की दिशा में एक रणनीतिक कदम है। इससे फ्लिपकार्ट और दूसरे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के अधिक सहज तथा बेहतर खरीदारी अनुभव की ओर तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
मिनिवेट एआई ई-कॉमर्स के लिए रचनात्मक वीडियो पर केंद्रित है, जो उत्पादों के कैटलॉग को तस्वीरों की सीमाओं से निकालकर आकर्षक वीडियो कंटेंट में बदलता है। यह प्लेटफॉर्म पारंपरिक प्रोडक्शन लागत से बेहद कम खर्च पर उच्च-गुणवत्ता के परिणाम प्रदान करता है। वीडियो के अलावा मिनिवेट एआई ई-कॉमर्स की एआई क्षमताओं का एक व्यापक सूट भी पेश करता है।
अधिग्रहण पर टिप्पणी करते हुए मिनिवेट एआई के संस्थापक आदित्य राचकोंडा ने कहा, “फ्लिपकार्ट के साथ यह साझेदारी मिनिवेट एआई के लिए एक निर्णायक क्षण है। इससे हमें अपनी स्वामित्व वाली जेनएआई समाधानों को देश के अग्रणी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बड़े पैमाने पर अपनाने में मदद मिलेगी, जिससे लाखों ग्राहकों के लिए खरीदारी और भी अधिक सहज और बेहतर बनेगी।” फ्लिपकार्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रवि अय्यर ने कहा, “मिनिवेट एआई का अधिग्रहण एक रणनीतिक निवेश है, जो विशिष्ट प्रतिभा और उन्नत स्वामित्व वाली तकनीक के एकीकरण के माध्यम से फ्लिपकार्ट की कोर जेनएआई क्षमताओं को सुदृढ़ करेगा। ये विज़ुअल-फर्स्ट और वीडियो-फर्स्ट कॉमर्स के बढ़ते उद्योग रुझान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, और अंततः फ्लिपकार्ट प्लेटफॉर्म पर उच्च ग्राहक जुड़ाव, बेहतर कन्वर्ज़न और दीर्घकालिक नवाचार को बढ़ावा देंगे।”

