सौसर: प्रदेश के ऊर्जा एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपने अनूठे और सहज अंदाज के लिए जाने जाते हैं। इसी क्रम में गुरुवार को वे सौसर क्षेत्र के ग्राम तीनखेड़ा पहुंचे। यहाँ उन्होंने न केवल ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं, बल्कि सादगी की मिसाल पेश करते हुए स्थानीय आदिवासी सरपंच हरीश धुर्वे के निवास पर रात्रि विश्राम भी किया।
चौपाल में सीधा संवाद, योजनाओं की ली जानकारी–
प्रभारी मंत्री तोमर ने ग्रामीणों से रूबरू होते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने सीधे संवाद कर यह जानने का प्रयास किया कि लाड़ली बहना,किसान सम्मान निधि’ और ‘उज्ज्वला योजना’ जैसी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँच रहा है या नहीं। मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक बनें और सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत–
मंत्री के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। जिला भाजपा अध्यक्ष संदीप मोहोड़ के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ नेताओं ने तीनखेड़ा पहुंचकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
प्रशासनिक अमला रहा अलर्ट मोड पर–
प्रभारी मंत्री के तीनखेड़ा में नाइट स्टे के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासनिक महकमा पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था और मंत्री के प्रवास के मद्देनजर जिले के आला अधिकारी देर रात तक गांव में ही मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सादगी ने जीता ग्रामीणों का दिल-
एक कैबिनेट मंत्री का किसी आदिवासी परिवार के घर रुकना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। ग्रामीणों का कहना था कि मंत्री का यह व्यवहार शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करता है। सरपंच हरीश धुर्वे के घर रात्रि विश्राम कर उन्होंने यह संदेश दिया कि सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के साथ है
