बेगमगंज: वन विभाग द्वारा डीएफओ प्रतिभा शुक्ला के निर्देशन में ग्राम वीरपुर के समीप वन क्षेत्र ईटेया में ईको-पर्यटन विकास बोर्ड के अंतर्गत अनुभूति ईको कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल वीरपुर के 125 विद्यार्थियों ने भाग लेकर वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
वन अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जंगल भ्रमण कराते हुए विभिन्न वृक्ष प्रजातियों, वनस्पतियों, वन्यजीवों के पगमार्क, विष्टा एवं पक्षियों के घोंसलों की पहचान कराई। इसके बाद कीरतपुर जलाशय पर जलजीवों, भूजल संरक्षण, चेकडैम व कंटूर ट्रेंच निर्माण की जानकारी दी गई।
ट्रेकिंग उपरांत सामान्य ज्ञान, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में सफल विद्यार्थियों को डीएफओ द्वारा शील्ड व प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अंत में सभी विद्यार्थियों ने वन व पर्यावरण रक्षा का संकल्प लिया।
