रीवा:कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित संभागीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर विचार किया गया. बैठक की अध्यक्षता करते हुए कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि संभाग के रीवा और सतना जिलों में सडक़ दुर्घटना में कई मौतें हुई हैं. संभाग में सभी प्रमुख सडक़ों में ब्लैक स्पाट चिन्हित हैं. निर्माण कार्य से जुड़े विभाग इन स्थलों में सडक़ों पर सुधार, संकेतक लगाने तथा आवश्यक होने पर स्पीड ब्रोकर बनाने का कार्य तत्काल करें. सोहागी घाट में सडक़ सुधार के उपाय तत्काल करें.
कलेक्टर हर माह सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करके सडक़ दुर्घटनों को रोकने के संबंध में लिए गए निर्णयों को कठोरता से लागू कराएं. हेलमेट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए आमजनता के बीच एवं शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाएं.बैठक में कमिश्नर ने कहा कि सडक़ों में सुधार के साथ-साथ सुरक्षा के अन्य उपाय करें. सडक़ दुर्घटना होने पर तत्काल एंबुलेंस घटना स्थल में पहुंच जाए. दुर्घटना पीडि़तों को गोल्डन ऑवर में उपचार सहायता अनिवार्य रूप से मिले इसके लिए आवश्यक प्रबंध करें.
बैठक में कमिश्नर ने सतना-चित्रकूट रोड में बगदरा घाटी, सिरमौर-डभौरा रोड में बरदहा घाटी, मैहर और अमरपाटन में हाईवे से शहर को जोडऩे वाले मार्गों में अंडर पास निर्माण तथा रीवा-सतना हाईवे में सुधार के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए. कमिश्नर ने कहा कि रीवा शहर में चोरहटा से रतहरा मॉडल रोड का कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक निरीक्षण करके इसके अनावश्यक कट्स बंद कराएं. मॉडल रोड में स्थित कालोनियों के मुख्य द्वार के पास स्पीड ब्रोकर बनवाएं.
सडक़ हादसे के 83 स्थान रीवा में चिन्हित
बैठक में कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि रीवा जिले में 83 स्थल चिन्हित किए गए हैं. इनमें सडक़ सुधार तथा सुरक्षा के अन्य उपाय किए जा रहे हैं. रीवा-सिरमौर रोड, रीवा-प्रयागराज रोड तथा अन्य सडक़ों में दुर्घटना रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं. बैठक में कलेक्टर सतना डॉ सतीश कुमार एस ने बताया कि सतना से चित्रकूट रोड के चौड़ीकरण का कार्य मंजूर हो गया है. बगदरा घाटी में सडक़ सुधार का कार्य तत्काल किया जाएगा. कलेक्टर मैहर श्रीमती रानी बाटड ने बताया कि रीवा-जबलपुर हाईवे में अमरपाटन तथा मैहर शहर को जोडऩे वाली सडक़ के प्रवेश और एक्जिट में अंडरपास का निर्माण मंजूर हो गया है.
केजेएस सीमेंट फैक्ट्री के पास भी वाहन दुर्घटना रोकने के उपाय किए जा रहे हैं. बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि सभी जिलों में सडक़ सुरक्षा संबंधी बैठकों का नियमित आयोजन किया जा रहा है. संभाग में सभी स्कूल बसों की जाँच कराई गई है. बैठक में पुलिस अधीक्षक रीवा शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए नगर निगम के साथ मिलकर प्लान बनाया गया है. बैठक में कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी ने कहा कि सीधी से सिंगरौली हाईवे के अधूरे निर्माण के कारण कई दुर्घटनाएं हुई हैं. इसमें सुधार का कार्य तत्काल किया जाए. बैठक में मुख्य वन संरक्षक राजेश कुमार राय, सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, परिवहन अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे
