भोपाल: कोहेफिजा थाना क्षेत्र में संचालित एक स्नूकर क्लब में नुकीले हथियार से एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ. लालघाटी में चल रहे क्लब में हुई इस वारदात का वीडियो भी सामने आया है. मामला पुरानी रंजिश को लेकर बताया जा रहा है. पुलिस ने मामले की जानकारी सामने आने पर केस दर्ज किया है. आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है.
मिली जानकारी के मुताबिक स्नूकर क्लब पर फरदीन नामक युवक पर नुकीले हथियार से आरोपी अमन ने हमला कर दिया. आरोपी ने एक के बाद एक लगातार 7 बार पंच से मारते हुए फरदीन को घायल कर दिया. इस हमले से फरदीन मौके पर ही बेहोश हो गया. मौजूद लोगों ने बीच बचाव करते हुए फरदीन को बचाया. पुलिस को मामले की सूचना मिली और कार्रवाई शुरू की गई.
जानकारी के अनुसार यह हमला पुराने विवाद के चलते बदमाशों की तरफ से किया गया. हमले में फरदीन के सिर पर गंभीर चोटें आई है, उसका अस्पताल में इलाज जारी है. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है. घटना देर रात को करीब डेढ़ बजे घटित हुई. स्नूकर के देर रात से खुलने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है.
