मूर्तिकार राम वी सुतारा का निधन, मोदी ने शोक व्यक्त किया

नोएडा 18 दिसंबर (वार्ता) दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के शिल्पकार और भारतीय मूर्तिकला के दिग्गज कलाकार राम वनजी सुतार का बुधवार देर रात उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 19 स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 100 वर्ष के थे।राम सुतार के निधन की जानकारी उनके पुत्र अनिल सुतार ने दी। वह स्वयं एक मूर्तिकार हैं जो अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। शतायु राम सुतार का अंतिम संस्कार गुरुवार को सेक्टर 94 में किया जाएगा। उन्हें आज गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया जाएगा।
महान मूर्तिकार राम सुतार को पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से नवाजा जा चुका है। उन्होंने गुजरात में दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ को डिजाइन किया था। इसके अलावा संसद परिसर में ध्यान में बैठे हुए महात्मा गांधी जी और घोड़े पर सवार छत्रपति शिवाजी की मूर्ति भी उन्होंने ही बनाई थी। श्री सुतार मुंबई के जेजे स्कूल ऑफ आर्ट एंड आर्किटेक्चर से गोल्ड मेडलिस्ट थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महान मूर्तिकार राम सुतार के निधन पर दुख जताया है।श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर शोक संदेश में लिखा, “सुतार जी के निधन से बहुत दुख हुआ। वे एक शानदार मूर्तिकार थे, जिनकी महारत ने भारत को केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से सबसे मशहूर जगहें दीं। उनके कामों को हमेशा भारत के इतिहास, संस्कृति और सामूहिक भावना की दमदार अभिव्यक्ति के तौर पर सराहा जाएगा।”
श्री मोदी ने कहा, “मूर्तिकार सुतार ने आने वाली पीढ़ियों के लिए देश के गौरव को अमर कर दिया है। उनके काम कलाकारों और नागरिकों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। उनके परिवार, चाहने वालों और उन सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, जो उनके शानदार जीवन और काम से प्रभावित हुए। ओम शांति।”

Next Post

24 देशों के 40 विदेशी शिक्षक शैक्षिक भ्रमण के लिये पहुंचे काशी

Thu Dec 18 , 2025
वाराणसी, 18 दिसंबर (वार्ता) देश की सांस्कृतिक राजधानी के तौर पर विश्व विख्यात काशी में शैक्षिक भ्रमण के लिए 24 देशों के 40 विदेशी शिक्षकों का अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचा है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के बाद यह दल बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षिक भ्रमण के लिए पहुंचा। विश्वविद्यालय के […]

You May Like