भोपाल: बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के ज्ञान विज्ञान भवन में बुधवार को आनंद महोत्सव और वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव के तहत छात्र कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया गया।प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के छात्र छात्राओं ने भाग लिया। मंच पर भारत की लोक संस्कृति पारंपरिक परिधान और ऐतिहासिक रूपों की सुंदर झलक देखने को मिली। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति दी।
रंग बिरंगे परिधानों और रचनात्मक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की सोच प्रस्तुति और मंच संचालन की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञान विज्ञान भवन उत्साह और उमंग से भरा नजर आया। विश्वविद्यालय के शिक्षक अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।आयोजकों ने बताया कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं।
