बॉन्डी बीच हमला : आरोपी नवीद अकरम पर 15 लोगों की हत्या सहित 59 मामले दर्ज

सिडनी, 17 दिसंबर (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स की राजधानी सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकवादी हमले के आरोपी नवीद अकरम पर 15 लोगों की हत्या सहित 59 मामले दर्ज किये गये हैं।

सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड अख़बार ने एक रिपोर्ट में बताया कि अकरम पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल होने के बाद कॉमा में चला गया था, जबकि उसके पिता साजिद अकरम की मौत हो गयी थी। वह मंगलवार को कॉमा से उठा। बॉन्डी बीच पर रविवार को हुए नरसंहार में नवीद और उसके पिता ने कथित रूप से 15 लोगों की जान ले ली थी, जबकि कई अन्य लोगों को घायल कर दिया था।

एनएसडब्ल्यू पुलिस कमिश्नर मैल लैन्योन ने रविवार रात को इस सामूहिक गोलीबारी को आतंकवादी हमला घोषित किया। इसके बाद बुधवार को नवीद पर 15 हत्याओं, आतंकवादी कृत्य करने और हत्या के इरादे से दर्जनों लोगों को घायल करने या गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया। उस पर गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने के इरादे से हथियार चलाने, प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के प्रतीक का सार्वजनिक प्रदर्शन करने और नुकसान पहुंचाने के इरादे से किसी इमारत में या उसके पास विस्फोटक रखने का भी आरोप लगाया गया।

स्थानीय समाचारपत्र सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से कहा गया, “पुलिस अदालत में आरोप लगाएगी कि उस व्यक्ति ने ऐसा काम किया जिससे लोगों की मौतें हुईं, गंभीर चोटें आईं और धार्मिक मकसद को आगे बढ़ाने एवं समुदाय में डर पैदा करने के लिये लोगों का जीवन खतरे में डाला गया। शुरुआती संकेत इस्लामिक स्टेट से प्रेरित आतंकवादी हमले की ओर इशारा करते हैं, जो ऑस्ट्रेलिया में एक घोषित आतंकवादी संगठन है।”

रिपोर्ट के अनुसार, जब अदालत में नवीद के मामले की संक्षिप्त सुनवाई हुई तो उसने जमानत के लिये आवेदन नहीं किया। आरोपी को अप्रैल में अदालत में अगली पेशी होने तक हिरासत में भेज दिया गया।

 

 

Next Post

इराकी सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किये छह आईएस आतंकवादी, कई ठिकाने किये ध्वस्त

Wed Dec 17 , 2025
बगदाद, 17 दिसंबर (वार्ता) इराकी सुरक्षा बलों ने कई प्रांतों में सुरक्षा अभियानों के दौरान इस्लामिक स्टेट (आईएस) के छह आतंकवादियों को गिरफ्तार कर कई ठिकानों को नष्ट कर दिया है। ईरान की आतंकवाद विरोधी सेवा ने बुधवार को यह जानकारी दी। आतंकवाद विरोधी विभाग के एक बयान में कहा […]

You May Like