ग्वालियर: रोटरी क्लब ग्वालियर द्वारा स्थापित रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन ने इस वर्ष शिवपुरी में जो मेडीकल कैम्प किया था, उसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। एक ही स्थान पर इतने लंबे समय तक चलने वाले मेडीकल शिविर के रूप में यह दर्ज किया गया है। साथ ही इतने सारे पैशेंट एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों का जमावड़ा इंडिया में पहली बार रिकॉर्ड किया गया। आज मंगलवार दोपहर जयविलास परिसर में रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, सचिव डॉ. प्रदीप पाराशर, कोषाध्यक्ष उदित चतुर्वेदी के साथ प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र ज्योतिरादित्य सिंधिया को भेंट किया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में रोटरी के पूर्व प्रांतपाल डॉ. वीरेन्द्र कुमार गंगवाल, रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोहित जैन, आगामी अध्यक्ष डॉ. प्रियंबदा भसीन, उपाध्यक्ष शुभांगी चतुर्वेदी विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर रोटरी क्लब की आगामी अध्यक्ष डॉ. प्रियंबदा भसीन ने जो एक जुलाई से अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करेंगी, शपथ ग्रहण समारोह में सिंधिया को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। सिंधिया ने अपनी सहमति प्रदान की है। आगामी जुलाई में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में वे रोटरी क्लब ग्वालियर में उपस्थित रहेंगे।
