
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर 2025 : महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का दूसरा सेमीफाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस अहम मुकाबले से पहले टीम इंडिया को एक बड़ी राहत मिली है, क्योंकि लंबे समय से टीम से बाहर चल रहीं स्टार बल्लेबाज शैफाली वर्मा की वनडे फॉर्मेट में वापसी हो गई है। शैफाली वर्मा ने भारत के लिए आखिरी वनडे मुकाबला 29 अक्टूबर 2024 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। प्रतिका रावल के चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह दी गई है, इस तरह वह लगभग 366 दिन बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करेंगी।
टीम में वापसी के बाद शैफाली वर्मा ने अपनी खुशी के साथ-साथ प्रतिका रावल के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत में शैफाली ने कहा कि “एक खिलाड़ी के तौर पर प्रतिका के साथ जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है… लेकिन भगवान ने मुझे कुछ अच्छा करने के लिए भेजा है।” उन्होंने बताया कि वह हाल ही में राष्ट्रीय महिला टी20 टूर्नामेंट में हरियाणा की कप्तानी कर रही थीं और शानदार लय में थीं। इसी वजह से वह मानसिक और तकनीकी रूप से पूरी तरह तैयार महसूस कर रही हैं और टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान देना चाहती हैं।
शैफाली वर्मा ने आगे बताया कि जैसे ही वे टीम से जुड़ीं, कोच, कप्तान और सीनियर खिलाड़ी स्मृति मंधाना सहित सभी खिलाड़ियों ने उनका दिल खोलकर स्वागत किया। सभी ने उन्हें अपना नैसर्गिक खेल खेलने की सलाह दी है, जिससे उन्हें और भी आत्मविश्वास मिला है। शैफाली अब तक भारत के लिए 29 वनडे मुकाबले खेल चुकी हैं, जिनमें उन्होंने 644 रन बनाए हैं। उनके आक्रामक अंदाज को देखते हुए, अब सभी की नजरें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले इस बड़े सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहाँ उनका प्रदर्शन अहम साबित हो सकता है।
