नई दिल्ली, 30 अक्टूबर 2025 :साउथ कोरिया के बुसान शहर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच करीब दो घंटे चली अहम बैठक के बाद वैश्विक व्यापारिक विवादों में बड़ी सफलता मिली है। ट्रंप ने घोषणा की है कि चीन पर लागू अमेरिकी टैरिफ दर को 57% से घटाकर 47% किया जाएगा। ट्रंप ने इस बैठक को शानदार बताते हुए कहा कि यह फैसला चीन और अमेरिका दोनों के लिए एक बड़ी राहत है, जिससे विश्व व्यापार पर सकारात्मक असर पड़ेगा। यह समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक स्थिरता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
बैठक में अमेरिकी किसानों के लिए भी बड़ी राहत की घोषणा हुई। चीन ने तुरंत अमेरिकी सोयाबीन की खरीद फिर से शुरू करने पर सहमति जताई है। ट्रंप ने इसे अमेरिकी किसानों की जीत करार देते हुए कहा कि अब हमारे किसानों को एक बार फिर बड़ा बाजार मिलेगा। गौरतलब है कि टैरिफ विवाद के चलते चीन ने खरीद बंद कर दी थी, जबकि वह अमेरिकी सोयाबीन का सबसे बड़ा खरीदार रहा है। पिछले वर्ष अमेरिका ने लगभग 24.5 अरब डॉलर की सोयाबीन का निर्यात किया था।
दोनों नेताओं ने रेयर अर्थ मिनरल्स (दुर्लभ खनिजों) और चिप निर्माण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी प्रगति की। ट्रंप ने बताया कि चीन दुर्लभ खनिजों का निर्यात जारी रखेगा, जिससे अमेरिकी सप्लाई चेन को स्थिरता मिलेगी। वहीं, चिप्स के मुद्दे पर शी जिनपिंग ने NVIDIA समेत प्रमुख अमेरिकी कंपनियों के साथ बातचीत करने का भरोसा दिया है। ट्रंप ने कहा कि कई विवादित विषयों पर एक नई समझ बनी है और आने वाले हफ्तों में इन फैसलों का असर दुनिया भर में आर्थिक स्थिरता के रूप में दिखेगा।

