लखपति दीदी के नये लक्ष्य के लिए रणनीतिक कदम उठाने की जरूरत : चौहान

नयी दिल्ली, 18 फरवरी (वार्ता) सरकार ने कहा है कि स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदियों को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है और छह करोड़ लखपति दीदी तक योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।

ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को यहां दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन पर हुई समीक्षात्मक बैठक में योजना की अद्यतन प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने इस दौरान अधिकारियों को ‘लखपति दीदी’ के नये लक्ष्य 6 करोड़ को प्राप्त करने के लिए विशेष रणनीति बनाकर युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि 6 करोड़ लखपति दीदी के लक्ष्य को हासिल करने के लिए 10 करोड़ दीदियों को ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं से जोड़ना होगा। उन्होंने अधिकारियों को राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर लक्ष्य पूर्ति के लिए ठोस कार्ययोजना पर कार्य करने का निर्देश दिया।

श्री चौहान ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि मिशन के तहत आवंटित बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि राज्यों का प्रदर्शन आशानुकूल नहीं है और वे आवंटित राशि को पूरी तरह से खर्च नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की जरूरत पर बल दिया और कहा कि योजना के उद्देश्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने राज्यों के साथ सतत संवाद और समन्वय के माध्यम से योजना की प्रगति को सुदृढ़ करने पर बल दिया और कहा कि इससे अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों और लखपति दीदियों को योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीण विकास मंत्रालय से संबद्ध दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन चार प्रमुख घटकों पर कार्य करता है जिनमें- संस्थागत निर्माण एवं क्षमता विकास, सामाजिक समावेशन एवं सामाजिक विकास, वित्तीय समावेशन तथा आजीविका संवर्धन शामिल हैं।

 

 

Next Post

कोटक ऑल्ट्स ने जीरोहार्म साइंसेज में किया 40 करोड़ का निवेश

Wed Feb 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 फरवरी (वार्ता) वैकल्पिक परिसंपत्तियों में निवेश करने वाली कंपनी कोटक ऑल्टरनेट एसेट मैनेजर्स लिमिटेड (कोटक ऑल्ट्स) ने जीरोहार्म साइंसेज में 40 करोड़ रुपये का निवेश किया है। कोटक ऑल्ट्स ने बुधवार को बताया कि यह निवेश उसकी इकाई कोटक लाइफ साइंसेज फंड 1 के माध्यम से किया […]

You May Like