नई दिल्ली, 30 अक्टूबर 2025 : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज, 30 अक्टूबर को नई दिल्ली से मलेशिया के कुआलालंपुर के लिए रवाना हो रहे हैं। वे 1 नवंबर को आयोजित होने वाली 12वीं आसियान रक्षा मंत्री बैठक-प्लस (ADMM-Plus) में हिस्सा लेंगे। रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक ‘एडीएमएम-प्लस के 15 साल पर चिंतन और आगे की राह तैयार करना’ विषय पर केंद्रित होगी, जहाँ वे मंच को संबोधित करेंगे। यह बैठक क्षेत्रीय सुरक्षा, सहयोग और रणनीतिक साझेदारी पर केंद्रित होगी।
दो दिवसीय यात्रा के दौरान, रक्षा मंत्री 31 अक्टूबर को मलेशिया की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली दूसरी आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में भी भाग लेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और आसियान सदस्य देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना और भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ को आगे बढ़ाना है। एडीएमएम-प्लस, आसियान देशों और आठ संवाद साझेदारों (भारत, अमेरिका, चीन, रूस, जापान, आदि) के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने का प्रमुख मंच है।
इस यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह की कई द्विपक्षीय मुलाकातें भी निर्धारित हैं। वे एडीएमएम-प्लस सदस्य देशों के अपने समकक्षों और मलेशिया के वरिष्ठ नेतृत्व से रक्षा, रणनीतिक सहयोग और अन्य क्षेत्रों में साझेदारी को लेकर चर्चा करेंगे। भारत वर्ष 1992 में आसियान का वार्ता साझेदार बना था। भारत वर्तमान में 2024 से 2027 की अवधि के लिए मलेशिया के साथ मिलकर आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञ कार्य समूह का सह-अध्यक्ष भी है, जो भारत-आसियान साझेदारी को नई दिशा देगा।

