जबलपुर:वैस्टलैण्ड खमरिया मंदिर के पास जंगल में बह रहे गंदे नाले के किनारे शराब की भट्टियां धधक रही थी। मरिया, रांझी पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए 90 लीटर कच्ची शराब एवं शराब बनाने के उपकरण जप्त करते हुए कच्ची शराब बनाने के लिए ड्रमों एवं टंकी में भरा हुआ लगभग 25 हजार लीटर लाहन को नष्ट किया है। वहीं तस्कर पुलिस को चमका देकर भाग निकले।
नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि वैस्टलैण्ड खमरिया मंदिर के पास जंगल में बह रहे गंदे नाले के किनारे अत्याधिक मात्रा में कच्ची शराब बनायी जा रही है। सूचना पर खमरिया थाना प्रभारी श्रीमति सरोजनी टोप्पो एवं रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में खमरिया, रांझी एवं पुलिस लाईन की संयुक्त टीम द्वारा वैस्ट लैण्ड खमरिया के जंगल में दबिश दी गयी जहॉ नाले के किनारे बाबू उर्फ सुनील सोनकर एवं विकास सोनकर दोनों निवासी बापू नगर रांझी के शराब की भट्टी लगाये हुये दिखे जिनके पास 4 सफेद रंग के डिब्बे एवं एक नीले रंग की जैरीकेन रखी थी.
पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे जिन्हें घेराबंदी कर पकडने का प्रयास किया जो जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गये, मौके पर जहॉ भट्टी लगी थी के पास रखे 4 सफेद डब्बे एवं 1 जेरीकेन में कुल 90 लीटर कच्ची शराब रखी मिली पास ही नाले किनारे प्लास्टिक के 35 ड्रमों एवं 12 प्लास्टिक की पानी की टंकी में लगभग 25 हजार लीटर लाहन शराब बनाने रखा मिला, मौके पर हीे ड्रमों एवं टंकी में रखा 25 हजार लीटर लाहन नष्ट किया गया मौके से 90 लीटर कच्ची शराब एवं शराब बनाने के उपकरण जब्त करते हुए बाबू उर्फ सुनील सोनकर एवं विकास सोनकर दोनों निवासी बापू नगर रांझी की तलाश जारी है।
