छतरपुर। महेबा ग्राम के पास स्थित मकबरा नामक स्थान पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। महाराजा छत्रसाल के महल के पास स्थित मकबरा क्षेत्र में युवकों के एक झुंड ने युवक को घेरकर बेल्टों से जमकर पीटा।
घटना का वीडियो बीती रात करीब 8 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक असहाय अवस्था में है और कई युवक मिलकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
फिलहाल मारपीट के कारणों का पता नहीं चल सका है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।
