पटना, (वार्ता) बिहार के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव के छठ के मौके पर विशेष रेलगाड़ियां नहीं चलाने के आरोप पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि श्री यादव जब रेल मंत्री थे तब छठ के समय 178 विशेष रेलगाड़ियां चलाई गई थीं, लेकिन इस वर्ष 12 075 रेलगाड़ियां पूजा में घर आने वालों को उपलब्ध कराई गई हैं।
श्री चौधरी ने आज यहां भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के आग्रह पर 12,075 रेलगाड़ियां चला रही है। इसके बाद लालू यादव किस मुंह से आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने इससे संबंधित आंकड़े भी जारी किए।
भाजपा नेता ने तेजस्वी यादव की तस्वीर लगाकर नायक बताए जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लालू यादव का बेटा फोटो लगाकर नायक बनने की बात करता है, लेकिन बिहार की जनता इस परिवार को खलनायक मानती है और श्री यादव के प्रतिनिधि सही मायने में महानालायक हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता यदि किसी को खलनायक मानती है तो वह लालू यादव हैं जिन्होंने बिहार को 20 साल पीछे कर दिया। 15 साल बिहार के विकास को रोका कर रखा।
उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि इसके बावजूद लालू यादव ‘एक्स’ पर पोस्ट कर रहे हैं। उन्हें तो शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने खुद 178 ट्रेनें चलाईं और आज 12,075 ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जो यात्री वापस लौटेंगे , उन्हें कन्फर्म टिकट और 20 प्रतिशत टिकट मूल्य में सब्सिडी भी दी जायेगी।उन्होंने कहा कि लालू यादव लोकतंत्र के साथ मजाक कर रहे हैं। जिन्होंने खुद बिहार को लूटा हो, चारा और अलकतरा घोटाला किया हो, सांसद, विधयाक बनाने, होटल देने के लिए जमीन लिखवाया हो उसे बोलने का हक नही है।
श्री चौधरी ने श्री यादव को नसीहत देते हुए कहा कि वह लोकतंत्र से मजाक नहीं करें।उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब विकास के साथ है। यह लालू के रुका हुआ नही, तेजी से बढ़ता हुआ बिहार है।
