भोपाल, 26 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश में इन दिनों स्कूली विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षाओं के बीच सोशल मीडिया पर “परीक्षा पेपर लीक” की फर्जी सूचनाएं डालकर विद्यार्थियों को भ्रमित कर उनके साथ ठगी के प्रयास हो रहे हैं। इसके मद्देनजर राज्य पुलिस ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से झांसे में नहीं आकर सतर्क रहने का अनुरोध किया है।
राज्य पुलिस ने इस संबंध में सोशल मीडिया के जरिए सभी परीक्षार्थियों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है। इसमें कहा गया है, “फर्जी परीक्षा पेपर लीक के झांसे में न आएं, ये सायबर ठगों की चाल है। किसी भी संदिग्ध लिंक या ग्रुप से बचें और तुरंत सायबर क्राइम सेल को रिपोर्ट करें।”
पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि परीक्षाओं का समय चल रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘टेलीग्राम’ और कुछ अन्य माध्यमों पर ये सूचनाएं चलायी जा रही हैं कि “संबंधित पेपर” लीक हो गया है और उनके पास उपलब्ध है। इसके साथ ही पैसों की मांग रखकर पेपर उपलब्ध कराने की बात कही जाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के संदेश भ्रामक हैं और इनकी बातों में नहीं आना है। ऐसा होने पर ठगी के शिकार हो सकते हैं। इसलिए ऐसे संदेशों को पूरी तरह अनदेखा कर इनके चक्कर में नहीं पड़ें। साथ ही इस संबंध में तत्काल राज्य की साइबर पुलिस को सूचना दी जाए।

