सीहोर: बीती देर रात मंडी थाना क्षेत्र के सोया चौपाल के समीप एक ढाबे के पास चार अज्ञात लोगों द्वारा विवाद के चलते दो युवकों पर तलवार से हमला करते हुए उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है.मंडी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय डोहर मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय पवन दोहरे आ.
दीवान सिंह अपने दोस्त 30 वर्षीय विनोद पिता सोहनलाल खुराना के साथ सोया चौपाल के समीप एक ढाबे पर खाना खाने गया था. बताया जाता है कि देर रात लगभग 12. 30 बजे ढाबे पर मौजूद चार युवकों के साथ उनका विवाद हो गया. विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि आरोपियों ने तलवार से उन दोनों पर प्राणघातक हमला कर दिया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच बचाव करते हुए पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो गए थे.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल पवन और विनोद को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, लेकिन अधिक चोटें आने पर उन्हें भोपाल रेफर किया गया है. मंडी पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ धारा 296,118(1), 351(3),3(5) 109 का दर्ज करते हुए तलाश प्रारंभ कर दी है. पुलिस की मानें तो आरोपियों को शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा.
