
इंदौर. शहर में अवैध शराब तस्करी पर लगाम कसने के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी में एक यात्री बस से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसे चालाकी से दूसरे सामान की आड़ में ले जाया जा रहा था.
थाना विजय नगर पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की. सूचना थी कि बंगाली चौराहे से रेडिसन चौराहे की ओर आ रही बस नम्बर एमपी 09 एक्यू 1300 जिस पर सलूजा लिखा हुआ था में अवैध सामग्री का परिवहन किया जा रहा है. पुलिस टीम ने रेडिसन चौराहे पर बस को रोका और तलाशी ली. तलाशी के दौरान बस की डिक्की में जीवा 18 इन्सेक्टिसाइड के लेबल लगे कार्टन बॉक्स रखे मिले। जब इन बॉक्सों को खोलकर देखा गया तो उनमें अंग्रेजी शराब भरी पाई गई. कुल 90 पेटी अंग्रेजी शराब, यानी 4320 क्वार्टर जब्त किए गए, जिसकी कुल मात्रा करीब 777.6 लीटर और अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है. पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर से शराब परिवहन के संबंध में वैध लाइसेंस और परमिट पूछे, लेकिन वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद बस को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ क कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपियों में आशीम खान पिता शहीद खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी अलीकतला मस्जिद के पास, डाबरी नौगांव रोड, मेवातीपुरा जिला धार और सलमान पिता शहजाद खान, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 9, खातेगांव-कन्नौद रोड, जिला देवास शामिल हैं. दोनों को न्यायालय में पेश कर पीआर लेकर पूछताछ की जा रही है.
